इंदौर।
जिले में दो अक्टूबर को व्यापक स्तर पर गांधी जयंती मनाई जायेगी। इस दिन गांधीजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिला प्रशासन द्वारा इस दिन मुख्य रूप से सुबह प्रभात फेरी का आयोजन किया जायेगा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन एवं सभा आयोजित की जायेगी। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी तथा गृह मंत्री श्री बाला बच्चन विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों की रूप-रेखा तैयार करने के लिये आज कलेक्टर कार्यालय में विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अजय देव शर्मा तथा श्री बीबीएस तोमर मौजूद थे। बैठक में तय किया गया कि दो अक्टूबर को सुबह 7 बजे आरएनटी मार्ग स्थित हिन्दी साहित्य समिति भवन प्रागंण से प्रभात फेरी निकाली जायेगी। यह रैली नेहरू प्रतिमा, छोटी ग्वालटोली, सरदार पटेल प्रतिमा, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय भवन के सामने तथा गांधी प्रतिमा होते हुये रविन्द्र नाट्य गृह परिसर में समाप्त होगी। इस अवसर पर रविन्द्र नाट्य गृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन एवं सभा भी आयोजित की जायेगी। इस अवसर पर महात्मा गांधी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी भी लगेगी। कार्यक्रम में शहर के स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थी, संस्कृति कर्मी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य नागरिक हिस्सा लेंगे।
बताया गया कि जिले में इस दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों और गतिविधियों के आयोजन का सिलसिला शुरू होगा। गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को बच्चों और युवाओं, विद्यालयों और महाविद्यालयों की भागीदारी के साथ गांधीजी के विचारों, आदर्शों और प्रेरणाओं पर आधारित चित्रकला, निबंध तथा भाषण प्रतियोगिता, गांधी क्विज, विचार, गोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कुटीर उद्योग पर केंद्रित प्रदर्शनियों आदि का आयोजन भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ नागरिकों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं को भी जोड़ा जाएगा।