उत्तरप्रदेश : रामभजन पाल कन्नौज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गये
कन्नौज बार एसोसिएशन का चुनाव में अध्यक्ष पद पर रामभजन पाल, महासचिव पद पर केके यादव और कोषाध्यक्ष पद पर कांटे की लड़ाई में अहमद जमा चुनाव जीत गए। जीते हुए प्रत्याशियों ने विजय जुलूस निकाला।
शनिवार को सुबह साढ़े नौ बजे जिला एवं सत्र न्यायालय में बने अधिवक्ताओं के चैंबर परिसर में मतदान शुरू हुआ। चुनाव कमेटी में शामिल केके मेहरोत्रा, शरीफ खां, अनिल द्विवेदी, श्याम सिंह वर्मा व अशोक चंद्र जैन ने वेरीफिकेशन, बैलेट पेपर व मतदाता सूची की प्रक्रिया पूरी की। उसके बाद अधिवक्ताओं ने वोट डाले। चुनाव अधिकारी अनिल द्विवेदी ने बताया कि मतदाता सूची में 470 अधिवक्ताओं के नाम हैं। इसमें वोट करने के लिए 444 अधिवक्ता शामिल हुए। गिनती में 442 मतपत्र निकले। कमियों के चलते अध्यक्ष पद पर एक, महासचिव पद पर आठ व कोषाध्यक्ष पद पर 12 मत गिनती में निरस्त हो गए। अध्यक्ष पद पर रामभजन पाल ने पूर्व अध्यक्ष रामेंद्र त्रिवेदी को 78 वोटों से हराया। महासचिव पद पर केके यादव ने प्रद्युम्न गुप्त को 123 वोटों से परास्त किया। कोषाध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी होने की वजह से कांटे का मुकाबला हुआ। इसमें अहमद जमा ने शैलेंद्र यादव को चार वोटों से चुनाव हराया।