बेंगलुरु : बागी कांग्रेसी विधायकों मनाने पहुंचे दिग्विजय सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया
बेंगलुरु।
आज सुबह मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बेंगलुरु के रमाडा होटल में मौजूद बागी विधायकों से मुलाकात करने पहुंचे। दिग्विजय को होटल के अंदर जाने नहीं दिया गया, उसके बाद वह होटल के बाहर ही धरने पर बैठ गए। उसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।
होटल में कांग्रेस के 21 बागी विधायक हैं। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद दिग्विजय ने कहा कि विधायक उनसे बात करना चाहते हैं। दिग्विजय ने कहा, 'मैं मध्य प्रदेश से कांग्रेस का राज्यसभा उम्मीदवार हूं। 26 मार्च को वोटिंग होनी है। मेरे विधायकों को यहां रखा गया है। वह मुझसे बात करना चाहते हैं। लेकिन उनके मोबाइल फोन को छीन लिया गया है।'
दिग्विजय सिंह ने कहा कि पुलिस विधायकों से मुलाकात नहीं करने दे रही है और कह रही है कि उनकी सुरक्षा को खतरा है। होटल के बाहर पार्टी समर्थकों के साथ धरने पर बैठे दिग्विजय सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।