शेयर मार्केट खुलते ही 3,000 अंक लुढ़का सेंसेक्स, निफ्टी में भी 966 अंकों की गिरावट
नई दिल्ली। शेयर बाजार के लिए आज का दिन ब्लैक फ्राइडे साबित होता दिख रहा है। मार्केट खुलते ही बीएसई सेंसेक्स 3,090 अंक तक लुढ़क गया और 29,687 के स्तर पर आ गया। इसके अलावा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 966 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है और 8,624 के स्तर पर आ गया है। कोरोना वायरस के महामारी घोषित होने के बाद से दुनिय भर के बाजारों में गिरावट का असर भारत पर भी देखने को मिल रहा है।
इससे पहले गुरुवार को शेयर बाजार में इतिहास ही सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। सेंसेक्स में 3,100 अंकों की गिरावट आई थी। अब शुक्रवार को बाजार खुलते ही एक बार फिर गिरावट का दौर शुरू हो गया। बीते दो दिनों में ही सेंसेक्स 6,000 अंक लुढ़क गया है। ऑटो सेक्टर की कंपनियों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मारुति और टेक महिंद्रा के शेयर 10 पर्सेंट तक लुढ़क गए हैं। भारत के अलावा एशिया के कई बाजारों में 10 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली है।
कच्चे तेल में भी बड़ी गिरावट: शेयर बाजार के अलावा क्रूड ऑयल की कीमतों में भी गिरावट आई है। 1991 के बाद से क्रूड ऑइल में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट का दौर चल रहा है। इसके अलावा अमेरिकी कच्चे तेल की कीमतें भी 2008 के बाद सबसे निचले स्तर पर हैं। फिलहाल ब्रेंट क्रूड 34.21 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर है।
सोने की चमक भी पड़ रही फीकी: बाजार में गिरावट अब चौतरफा नजर आ रही है। बीते कुछ दिनों में एक तरफ शेयर मार्केट में गिरावट का दौर था तो दूसरी तरफ लोग सोने में निवेश कर रहे थे। हालांकि अब सोने में भी गिरावट का दौर है।
खुलते ही 16 पैसे लुढ़क गया रुपया: भारतीय करेंसी रुपये में भी डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोरी बनी हुई है। आज रुपया खुलते ही 16 पैसे की गिरावट के साथ डॉलर के मुकाबले 74.41 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। अक्टूबर, 2018 के बाद रुपये का यह सबसे निचला स्तर है।