भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोरोना से लड़ते हुए हमारे जांबाज कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी, कोरोना महायोद्धा श्री यशवंत पाल का स्वर्गवास हो गया है। उन्होंने कर्तव्य की बलिदेवी पर अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने कोरोना संकट के इस दौर में पूरी कर्तव्यनिष्ठा और मेहतन से कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया परंतु हम सफल नहीं हो पाए। यह अत्यंत दु:खद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूँ तथा ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके परिवार और इष्टमित्रों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की ओर से उनके परिवार को 50 लाख रूपए की सम्मान निधि, बड़ी बेटी फाल्गुनी पाल को पुलिस में सब इंस्पेक्टर की नौकरी, परिवार को विशेष पेंशन, जिसके अंतर्गत उनके सेवानिवृत्ति दिनांक तक पूरे वेतन का प्रदाय तथा दिवंगत श्री यशवंत पाल को मरणोपरांत कर्मवीर पदक प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी धर्मपत्नी हमारी बहन है। उनके परिवार के साथ पूरा प्रदेश खड़ा है।
कोरोना महायोद्धा स्व. श्री यशवंत पाल को श्रद्धांजलि :- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान