जम्मू। आज 5 जुलाई रविवार से पवित्र गुफा में सुबह-शाम दिव्य आरती शुरू होने जा रही है, जिसका पहली बार दूरदर्शन पर प्रसारण होगा। श्रद्धालु घर बैठे पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर पाएंगे। दिल्ली दूरदर्शन पर सुबह छह बजे व शाम सात बजे लाइव प्रसारण होगा। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने दूरदर्शन के साथ मिलकर प्रबंध कर लिए हैं। कोरोना की चुनौतियों के बीच श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने अभी यात्रा शुरू करने को लेकर तिथि की घोषणा तो नहीं की है, लेकिन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
हर साल छड़ी मुबारक का नेतृत्व करने वाले श्रीनगर में दशनामी अखाड़े के महंत देंपेंद्र गिरि जी महाराज व्यास पूर्णिमा पर पांच जुलाई को लिद्दर नदी किनारे पूजा अर्चना करेंगे। लॉकडाउन के कारण श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड जम्मू कार्यालय में प्रथम पूजा कर चुका है। पहले यह पूजा चंदनवाड़ी में होती थी। जम्मू में बोर्ड कार्यालय में हुई पूजा में श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिपुल पाठक, श्री अमरनाथ और बाबा बुड्ढा अमरनाथ यात्री न्यास के पदाधिकारियों ने भाग लिया था।
गुफा परिसर में रहेगी दूरदर्शन की 15 सदस्यीय टीम
आज से भोले बाबा के भक्तों को पवित्र गुफा की आरती लाइव दिखाने के लिए दूरदर्शन की 15 सदस्यीय टीम गुफा परिसर में रहेगी। सूत्रों के अनुसार, रविवार को होने वाली विशेष पूजा में ले। गवर्नर गिरीश चंदर मूर्मू भी शामिल होंगे। प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए कई नए नियम बनाए गए हैं