कन्नौज । जम्मू कश्मीर के राजौरी के सुंदरबनी बॉर्डर पर पेट्रोलिंग के दौरान 55 वर्षीय वीरपाल सिंह पाल शहीद हो गए। वीरपाल सिंह कन्नौज के नादेमऊ थाना क्षेत्र के भाग्गी पुरवा के रहने वाले थे। वह 1995 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह राजौरी सुंदरबनी में तैनात थे। 2/3 की पेट्रोलिंग करते समय पैर फिसलने से नीचे जा गिरे और शहीद हो गए। उनके बेटे ने बताया कि गुरुवार सुबह ही आर्मी अफसरों ने पिता के शहादत की जानकारी दी। उन्होंने बताया एक सितंबर को पिता से उसकी फोन पर बात हुई थी। उन्होंने दीपावली में घर आने की बात कही थी। वीरपाल सिंह पाल के बलिदानी होने की सूचना पर पत्नी राम मूर्ति और मां विद्यावती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। क्षेत्र में जवान की शहादत की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग घर पहुंच कर सांत्वना दे रहे हैं। आज देर रात तक शव पहुंचने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी ने किया 50 लाख मुआवजे का ऐलान
शहीद वीरपाल सिंह की शहादत पर प्रदेश के मुखिया ने शोकाकुल परिवार को अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की और एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान करेगी।
जनपद कन्नौज की एक सड़क का नामकरण भी शहीद वीर पाल जी की स्मृति में होगा।