निहाल सिंह बघेल को मिलेगा जीवन रक्षा पदक
आगरा। 20 लोगों की जान बचाने वाले निहाल सिंह बघेल को मिलेगा जीवन रक्षा पदक। अपनी जान हथेली पर रखकर मौत के मुंह में फंसे लोगों को बचाने वाले निहाल सिंह को जीवन रक्षा पदक मिलेगा। आठ जुलाई 2019 को लखनऊ की अवध डिपो की जनरथ बस एत्मादपुर क्षेत्र के गांव चौगान बघेल की ठार के पास बस रेलिंग तोड़ते हुए झरना नाले में गिर गई थी। चीख पुकार सुनकर निहाल सिंह मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने पानी में कूद कर बस में फंसे 20 यात्रियों को बाहर निकाला था।
 बुधवार को निहाल सिंह के पास भारत सरकार के गृह सचिव अजय भल्ला का पत्र पहुंचा, जिसमें लिखा था, राष्ट्रपति द्वारा उन्हें जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा, जिसे यूपी सरकार द्वारा दिया जाएगा। बहादुरी के लिए मिलने वाले इस सम्मान के लिए ग्रामीणों ने निहाल को बधाई दी।

थाना एत्मादपुर क्षेत्र में आठ जुलाई 2019 को यमुना एक्सप्रेसवे पर जा रही जनरथ बस अनियंत्रित होकर झरना नाले में गिर गई थी। हादसा तड़के करीब चार बजे हुआ था। बस 40 फीट गहरे नाले जा गिरी थी। इसमें पानी भर चुका था। 29 लोगों की जान जा चुकी थी। कई लोग जिंदगी के लिए छटपटा रहे थे।

बस के गिरने की आवाज और लोगों की चीख-पुकार सुनते ही चौगान गांव के बघेल ठार निवासी निहाल सिंह पहुंच गए थे। वह सुबह रोज खेत पर जाते हैं। इस कारण वहां थे। उन्होंने एक पल की देरी किए बगैर नाले में छलांग लगा दी। बाद में अन्य ग्रामीण और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे थे।

निहाल सिंह बस का शीशा तोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद गेट खोलकर यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला। निहाल की मदद से 20 लोग बस से बाहर निकले थे। ये सभी घायल थे। सबकी जान बच गई। इस बहादुरी के लिए निहाल सिंह को गणतंत्र दिवस पर पुलिस और प्रशासन ने सम्मानित किया था। अब उन्हें जीवन रक्षा पदक से नवाजा जाएगा।
Comments